मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की बेटी से जुड़े साइबर अपराध मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने उस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने ऑनलाइन गेम के दौरान उनकी नाबालिग बेटी से आपत्तिजनक मैसेज करते हुए न्यूड तस्वीरें मांगी थीं। इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले का खुलासा खुद अक्षय कुमार ने पिछले साल अक्टूबर में एक साइबर अवेयरनेस कार्यक्रम के दौरान किया था। उन्होंने बताया था कि उनकी 13 वर्षीय बेटी Nitara Kumar ऑनलाइन गेम खेल रही थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे अश्लील बातचीत शुरू कर दी और न्यूड फोटो भेजने की मांग की। इस घटना के बाद अक्षय ने तुरंत साइबर पुलिस से संपर्क किया।
महाराष्ट्र साइबर के प्रमुख यशस्वी यादव के अनुसार, शिकायत मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए आरोपी की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह इस तरह की गतिविधियों में और किन लोगों के साथ जुड़ा हुआ है।
गौरतलब है कि अक्षय कुमार अपने बच्चों को मीडिया और सार्वजनिक जीवन से दूर रखते हैं। वे हमेशा उनकी प्राइवेसी और सुरक्षा को प्राथमिकता देते रहे हैं। इस घटना के बाद उन्होंने माता-पिता से अपील भी की थी कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
यह मामला इस बात का स्पष्ट संकेत है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बच्चों की सुरक्षा बेहद जरूरी है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करनी चाहिए।
