ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

25 हजार रिश्वत लेते चौकी प्रभारी को ACB ने हिरासत में लिया

कोरिया। सरगुजा एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरिया जिले के बचरा-पोड़ी पुलिस चौकी प्रभारी SI अब्दुल मुनाफ को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

इस कार्रवाई के दौरान चौकी में पदस्थ एक ASI ध्रुव प्रसाद यादव को भी हिरासत में लिया गया है। दोनों को पूछताछ के लिए एसीबी कार्यालय अंबिकापुर ले जाया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कदमबहरा निवासी सत्येंद्र प्रजापति को चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ ने एक मामले में झूठा फंसाने की धमकी दी थी। इसके बाद मामले से बचाने के नाम पर उससे 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की गई।

परेशान होकर सत्येंद्र प्रजापति ने सरगुजा एसीबी से इसकी शिकायत की। एसीबी टीम ने शिकायत की प्राथमिक जांच की और आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

एसीबी के डीएसपी प्रमोद कुमार खेस के नेतृत्व में मंगलवार को टीम बचरा-पोड़ी पुलिस चौकी पहुंची। शिकायतकर्ता को केमिकल लगे 25 हजार रुपए के नोट देकर चौकी के अंदर भेजा गया।

तय योजना के अनुसार, जैसे ही चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, वैसे ही शिकायतकर्ता ने बाहर टीम को इशारा कर दिया।

इशारा मिलते ही एसीबी टीम ने तुरंत चौकी के अंदर दबिश दी और आरोपी चौकी प्रभारी को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई।

वहीं, चौकी में पदस्थ ASI ध्रुव प्रसाद यादव को भी हिरासत में लिया गया है। हालांकि, उनकी भूमिका को लेकर एसीबी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसीबी की इस सख्त कार्रवाई से भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।

Related Articles

Back to top button