दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। रविवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि यदि 13 जून तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रगधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो वे खुद विभिन्न राज्यों और शहरों में जाकर प्रदर्शन करेंगे।
अभिजीत दीपके ने कहा कि छात्रों के मुद्दों को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर फैलाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो देशभर के छात्र दोबारा दिल्ली पहुंचकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। इससे पहले 6 जून को CJP ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई थी।
अमेरिका से भारत लौटे अभिजीत रविवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित अपने घर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पिछले एक दशक से देश की राजनीति धार्मिक और भावनात्मक मुद्दों के इर्द-गिर्द घूम रही है, जबकि युवाओं को रोजगार, शिक्षा और भविष्य से जुड़े सवालों के जवाब चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति को रोजगार और शिक्षा जैसे मूल मुद्दों पर केंद्रित होना चाहिए।
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी की सोशल मीडिया लोकप्रियता भी तेजी से बढ़ी है। प्रदर्शन के बाद इंस्टाग्राम पर पार्टी के फॉलोअर्स की संख्या 2.21 करोड़ से बढ़कर 2.27 करोड़ हो गई, जबकि X पर भी लाखों लोग जुड़ चुके हैं। हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सोशल मीडिया समर्थन को जमीनी वोट बैंक में बदलना पार्टी के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी।
गौरतलब है कि CJP की शुरुआत मई 2026 में युवाओं और बेरोजगारी से जुड़े मुद्दों को लेकर हुई थी। अब पार्टी शिक्षा व्यवस्था और छात्र हितों को केंद्र में रखकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही है।
