43 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, बड़े कनेरा में सड़क, पर्यटन और अधोसंरचना परियोजनाओं की घोषणा
कोंडागांव/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को सुशासन तिहार के तहत कोंडागांव जिले के ग्राम बड़े कनेरा में आयोजित समाधान शिविर में जिले को 152 करोड़ 18 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 43 निर्माण एवं अधोसंरचना परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 96.30 करोड़ रुपए के 14 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण और 55.88 करोड़ रुपए के 29 नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
भीषण गर्मी के बीच आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 44-45 डिग्री तापमान में उमड़ा जनसैलाब सरकार के प्रति जनता के भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा नहीं, बल्कि गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 मई से शुरू हुआ सुशासन तिहार 10 जून तक चलेगा। इसके माध्यम से सरकार सीधे जनता के बीच जाकर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जान रही है। बड़े कनेरा में आयोजित यह प्रदेश का 19वां जिला स्तरीय समाधान शिविर था।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बड़े कनेरा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने नारंगी नदी स्थित स्टॉप डेम सह पुलिया के जीर्णोद्धार के लिए 2 करोड़ रुपए मंजूर किए। इसके अलावा केशकाल-बांसकोट-माकड़ी-एरला मार्ग के 53 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग के मजबूतीकरण, बड़े कनेरा से बड़ेबेंद्री, बाईकापदर और चिपावंड तक 12 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा नवागुड़ा तक 5 किलोमीटर सड़क निर्माण की घोषणा की।
स्थानीय रोजगार और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए बड़े कनेरा में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। वहीं कोसारटेडा में पर्यटन विकास कार्य किए जाएंगे। विश्रामपुरी में गोंडवाना भवन और केशकाल में सर्व आदिवासी समाज भवन के निर्माण की भी घोषणा की गई। बड़े कनेरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार का भी ऐलान किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी की गारंटी के अधिकांश वादे ढाई वर्षों में पूरे किए जा चुके हैं। किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान का भुगतान, महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता, तेंदूपत्ता संग्राहकों को बढ़ी हुई दर और अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को 400 से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जून से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन भी शुरू होगी, जिससे लोग घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
