बीजापुर को 18 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों की सौगात

मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के 14वें चरण का शुभारंभ, हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात

रायपुर/बीजापुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता, परिवहन एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने जिले के विकास को नई गति देते हुए 18 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी।

उन्होंने मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के 14वें चरण का शुभारंभ किया। इस दौरान 16 करोड़ 58 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और 2 करोड़ 9 लाख रुपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में मंत्री श्री कश्यप ने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और अधोसंरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत की।

इनमें मिरतुर और बेदरे में ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण, उसूर में वरिष्ठ कृषि अधिकारी भवन, आवापल्ली और कुटरू में शासकीय महाविद्यालय भवन, भैरमगढ़ महाविद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण तथा दुगईगुड़ा से चिंताकोंटा तक सड़क और पुल-पुलिया निर्माण कार्य शामिल हैं।

इन परियोजनाओं से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, आवागमन और कृषि सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

मंत्री ने जिला अस्पताल परिसर में रैन बसेरा, दाल-भात केंद्र, अत्याधुनिक अटल आरोग्य लैब, कार्यालय सह गोदाम भवन, विद्यालय भवन, पंचायत भवन और अन्य निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। अटल आरोग्य लैब के शुरू होने से अब नागरिकों को 134 प्रकार की जांच सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

कार्यक्रम के दौरान मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के 14वें चरण की शुरुआत की गई। इसके तहत जिले में मलेरिया की जांच, उपचार और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जाएगी।

इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री और प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। वनाधिकार पट्टे, आयुष्मान कार्ड, पोषण आहार फूड बॉक्स, जच्चा-बच्चा कार्ड और दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई।

मंत्री कश्यप ने कहा कि बीजापुर अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

उन्होंने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, महतारी वंदन योजना और तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए संचालित योजनाओं को लोगों के जीवन में बदलाव लाने वाला बताया।

कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Exit mobile version