रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी में 5 सितंबर को विशाल दही-हांडी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति और श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से होने वाला यह आयोजन अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड पर दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। आयोजन का यह 16वां वर्ष है। इस बार दही-हांडी प्रतियोगिता में विजेता टीम को 15 लाख रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के साथ महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा समेत अन्य राज्यों की गोविंदा टोलियां शामिल होंगी। अब तक रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव समेत विभिन्न क्षेत्रों की करीब 26 पुरुष और महिला टीमों ने पंजीयन कराया है। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के भंडारा, इंदौर व जबलपुर से भी टीमें पहुंचेंगी। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
बी-प्राक और लखबीर सिंह लक्खा करेंगे प्रस्तुति
दही-हांडी उत्सव में इस बार धार्मिक आयोजन के साथ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। प्रसिद्ध गायक बी-प्राक, भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर अपनी प्रस्तुति देंगी। आयोजकों के मुताबिक संगीत कार्यक्रम युवाओं और श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
पुरुष-महिला टीमों के लिए अलग मुकाबला
आयोजन में तीन तरह की प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें पुरुष दही-हांडी, महिला दही-हांडी और ग्रीस लगे खंभे की दही-हांडी शामिल है। अलग-अलग राज्यों से आने वाली टीमें टीमवर्क और कौशल के जरिए हांडी फोड़ने का प्रयास करेंगी। प्रतिभागियों के लिए सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य रहेगा।
पुलिस और एंबुलेंस की रहेगी व्यवस्था
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर पुलिस सुरक्षा, प्राथमिक उपचार केंद्र और एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भी इंतजाम किए जाएंगे। समिति ने गोविंदा टोलियों और श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। आयोजक बसंत अग्रवाल और सह-संयोजक हेमेन्द्र साहू ने रायपुरवासियों और कृष्ण भक्तों से बड़ी संख्या में उत्सव में शामिल होने की अपील की है।
