ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कटहल–गुलमोहर की छांव में सजी चौपाल, सीएम साय ने सरोधी में सुनी जनता की आवाज

रायपुर। सुशासन तिहार 2026 के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम सरोधी में सोमवार को एक अनोखी चौपाल सजी, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खाट पर बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। कटहल और गुलमोहर के पेड़ों की छांव में सजे इस आत्मीय माहौल ने गांव को उत्साह और अपनत्व से भर दिया।

मुख्यमंत्री के आगमन पर महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं ने महुआ, चार और आम भेंटकर स्वागत किया, वहीं स्कूली बच्चों ने गुलमोहर और कनेर के फूलों के गुलदस्ते देकर सम्मान जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

चौपाल में मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनना और योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को परखना है। यह अभियान 1 मई से 10 जून तक चलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

सीएम साय ने बताया कि राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों घर स्वीकृत किए गए हैं और किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। तेंदूपत्ता संग्रहण दर बढ़ाकर 5500 रुपए प्रति मानक बोरा की गई है, जिससे वनांचल के लोगों की आय में वृद्धि होगी।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल समस्या उठाई, जिस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कई विकास कार्यों की घोषणा भी की, जिनमें पंचायत भवन, स्कूल भवन, सड़क निर्माण, पीडीएस दुकान, 33 केवी सब स्टेशन और पुल निर्माण शामिल हैं।

यह चौपाल सुशासन, संवाद और त्वरित समाधान का जीवंत उदाहरण बनी, जहां सरकार और जनता के बीच दूरी नहीं, बल्कि भरोसे का रिश्ता नजर आया।

Related Articles

Back to top button