IPL 2026 में बदली तस्वीर, बल्लेबाजी में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा

दिल्ली। आईपीएल में भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की तस्वीर काफी बदली नजर आई। एक समय लीग में विदेशी पावर हिटर्स का दबदबा रहता था, लेकिन इस सीजन भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक बल्लेबाजी से मैच का टेम्पो तय किया। वहीं गेंदबाजी में विदेशी खिलाड़ी अब भी ज्यादा असरदार साबित हुए।
इस सीजन भारतीय बल्लेबाजों का औसत स्ट्राइक रेट 157.01 रहा, जो पिछले सीजन के 152 से काफी ज्यादा है। दूसरी ओर विदेशी बल्लेबाजों ने 155.37 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। पहले जहां भारतीय बल्लेबाज एंकर रोल में नजर आते थे, अब वे शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में खेल रहे हैं। युवा भारतीय बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाकर मैच का रुख बदलने में अहम भूमिका निभाई।
हालांकि गेंदबाजी में भारतीय खिलाड़ी दबाव में दिखाई दिए। भारतीय गेंदबाजों ने इस सीजन 506 विकेट लिए, जबकि 2025 में यह आंकड़ा 533 था। उनकी इकोनॉमी रेट 9.42 से बढ़कर 9.79 हो गई। विदेशी गेंदबाज भी महंगे साबित हुए, लेकिन वे भारतीय गेंदबाजों की तुलना में ज्यादा किफायती और प्रभावी रहे।
इस सीजन 53 खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इनमें 31 भारतीय और 22 विदेशी खिलाड़ी शामिल रहे। भारतीय खिलाड़ियों में वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और संजू सैमसन को सबसे ज्यादा 3-3 बार यह अवॉर्ड मिला।
IPL 2026 में बल्लेबाजी पूरी तरह हावी रही। बल्लेबाजों का औसत और स्ट्राइक रेट दोनों बढ़े, जबकि गेंदबाज पहले से ज्यादा महंगे साबित हुए। चौके, छक्के, शतक और अर्धशतक की संख्या में भी पिछले सीजन की तुलना में इजाफा दर्ज किया गया।





