बारिश-बाढ़ से कई राज्यों में बिगड़े हालात: बिहार में 22 लाख लोग प्रभावित, यूपी के 58 जिलों में अलर्ट

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून की बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। बिहार में गंगा, कोसी, गंडक, बूढ़ी गंडक, पुनपुन और बागमती नदियां उफान पर हैं। राज्य के 12 जिलों में 22.42 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। भागलपुर में रिंग बांध ओवरफ्लो होने के बाद सुल्तानगंज इलाके के करीब 4 हजार घरों में पानी घुस गया।
वहीं, उत्तर प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी है। बरेली में रविवार दोपहर से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण फायर स्टेशन में करीब 3 फीट तक पानी भर गया। कई घरों के किचन और बेडरूम तक घुटनों तक पानी पहुंच गया।
यूपी के 58 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को यूपी के 58 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 6 जिलों में बहुत भारी और 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 54 जिलों में बारिश दर्ज की गई। बिजनौर में सबसे ज्यादा 90 मिमी बारिश हुई।
उत्तराखंड में स्कूल बंद, केदारनाथ मार्ग पर हादसा
उत्तराखंड में बारिश को देखते हुए पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ सभी स्कूलों में सोमवार को छुट्टी घोषित की गई है। केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से महाराष्ट्र की 60 वर्षीय महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई।
देहरादून के जैंतनवाला में नून नदी उफान पर आने से एक पिकअप बह गया। वहीं, हिमाचल प्रदेश में अगले छह दिन मानसून कमजोर रहने का अनुमान है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बारिश का असर
राजस्थान में आज भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, दौसा, बारां और झालावाड़ में बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश में लगातार बारिश के चलते कई बांधों के गेट खोले जा रहे हैं। चित्तौड़गढ़ के बड़ी सादड़ी में दुकानों में पानी घुस गया, जबकि मुरैना में लोग डूबे पुल को रस्सी और कढ़ाही के सहारे पार करते नजर आए। हरियाणा में 12 सितंबर तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। पंजाब के 14 जिलों में भी सोमवार को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।





