ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कृषि विश्वविद्यालय में अगले तीन दिन बिखरेगी आमों की बहार

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 29 से 31 मई तक राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

तीन दिवसीय इस आयोजन में देशभर की 250 से अधिक देशी-विदेशी आम की किस्में लोगों को आकर्षित करेंगी। महोत्सव का शुभारंभ 29 मई को राज्यपाल रमन डेका करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएम विष्णुदेव साय करेंगे।

महोत्सव का आयोजन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी संचालनालय और प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

महोत्सव में दशहरी, लंगड़ा, केसर, अलफांसो, चौसा, मालदा, फजली और नीलम जैसी लोकप्रिय किस्मों के साथ मियाजाकी, टॉमी एटकिंस और गोल्डन नगेट्स जैसी विदेशी किस्में भी प्रदर्शित की जाएंगी। इसके अलावा आम्रपाली, मल्लिका, सिंधु और पूसा अरुणिमा जैसी संकर प्रजातियों की प्रतियोगिता भी होगी।

कार्यक्रम में आम आधारित व्यंजनों, सजावट, मैंगो क्विज, फैंसी ड्रेस और मॉडल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। आम पापड़, आमरस, अचार, शरबत और जैम जैसे उत्पादों की प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा रॉय आम से बने व्यंजन बनाना सिखाएंगी।

30 मई को “आम उत्पादन समस्या एवं समाधान” विषय पर तकनीकी सत्र आयोजित होगा, जिसमें किसानों को उन्नत उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन की जानकारी दी जाएगी। वहीं 31 मई को सफल आम उत्पादक किसान और उद्यमी अपने अनुभव साझा करेंगे। आयोजकों के अनुसार महोत्सव में प्रवेश और पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।

Related Articles

Back to top button