विधानसभा में हाजिरी के मामले में भाजपा विधायक आगे: सवाल पूछने में विपक्ष सक्रिय; 79 बैठकों में 6 भाजपा विधायकों की 100% उपस्थिति

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का अगला सत्र 14 से 17 दिसंबर तक चलेगा। चार दिन के इस सत्र से पहले विधायकों की उपस्थिति और सदन में सक्रियता का रिपोर्ट कार्ड सामने आया है।
19 दिसंबर 2023 से 17 जुलाई 2026 तक के रिकॉर्ड के मुताबिक, 79 कार्यदिवसों में भाजपा के 6 विधायकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति रही। वहीं, सवाल पूछने के मामले में विपक्ष सत्ता पक्ष से आगे रहा। फरवरी 2024 से जुलाई 2026 के बीच विपक्षी विधायकों ने सत्ता पक्ष के मुकाबले 3,181 ज्यादा सवाल पूछे।
भाजपा के 6 विधायक सभी 79 दिन पहुंचे
उपस्थिति के मामले में भाजपा विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, प्रेमचंद पटेल, अनुज शर्मा, रोहित साहू, रिकेश सेन और दिवंगत डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने सभी 79 कार्यदिवसों में उपस्थिति दर्ज कराई।
कांग्रेस की चातुरी नंद, अंबिका मरकाम और यशोदा नीलाम्बर वर्मा 77-77 दिन सदन पहुंचीं। कांग्रेस का कोई विधायक शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज नहीं करा सका। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम 73 दिन उपस्थित रहे।
सामान्य विधायकों में सबसे कम उपस्थिति भाजपा की रेणुका सिंह सरुता की रही। वे 79 में से सिर्फ 32 दिन सदन पहुंचीं। कांग्रेस विधायक कवासी लखमा 45 दिन उपस्थित रहे। राजेश मूणत और देवेंद्र यादव 50-50 दिन, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 59 दिन और अमर अग्रवाल 63 दिन सदन पहुंचे।
सवाल पूछने में भावना बोहरा सबसे आगे
सवाल पूछने के मामले में भाजपा विधायक भावना बोहरा सबसे आगे रहीं। उन्होंने 284 सवाल पूछे। धरमलाल कौशिक और अजय चंद्राकर ने भी 284-284 सवाल लगाए। वहीं, अनुज शर्मा ने 237, रोहित साहू ने 115 और रिकेश सेन ने 103 सवाल पूछे।
विपक्ष ने पूछे 7,870 सवाल
फरवरी 2024 से जुलाई 2026 तक विधानसभा में कुल 12,559 सवाल लगाए गए। इनमें विपक्ष के विधायकों ने 7,870 और सत्ता पक्ष ने 4,689 सवाल पूछे। यानी विपक्ष ने 3,181 ज्यादा सवाल लगाकर सदन में अपनी सक्रियता दिखाई।
विधानसभा की नियमावली के अनुसार एक बैठक में किसी विधायक के अधिकतम चार प्रश्न विचारार्थ लिए जा सकते हैं। उपस्थिति के आंकड़ों में विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और मंत्रियों को शामिल नहीं किया गया है, क्योंकि वे उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर नहीं करते।





