ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की 500 साल पुरानी स्वर्ण अक्षरों वाली गीता बनी आकर्षण: 1735 का ताम्रपत्र भी प्रदर्शित, रामायण और आयुर्वेद की दुर्लभ पांडुलिपियां भी रखीं

भारत मंडपम में 27 नवंबर तक चलेगा मेला; छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्राचीन विरासत के साथ दिख रही प्रदेश की कला और विकास की झलक

दिल्ली। नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की सदियों पुरानी विरासत लोगों को आकर्षित कर रही है। यहां 16वीं शताब्दी की स्वर्ण अक्षरों में लिखी श्रीमद्भगवद्गीता की दुर्लभ पांडुलिपि खास आकर्षण बनी हुई है। गोंडवाना की शासिका रानी दुर्गावती के समकालीन कालखंड से जुड़ी इस पांडुलिपि के साथ वर्ष 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र भी प्रदर्शित किया गया है।

रामायण से आयुर्वेद तक के दुर्लभ ग्रंथ

छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी में अलग-अलग कालखंडों की पांडुलिपियां रखी गई हैं। इनमें रामायण के बालकांड और किष्किंधा कांड, राधा विनोद महाकाव्य, ज्योतिष शास्त्र और आयुर्वेद से जुड़े हस्तलिखित ग्रंथ शामिल हैं।

प्रदर्शनी में ताड़पत्रों पर लिखी पांडुलिपियां भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं। कागज के प्रचलन से पहले ताड़पत्रों पर महत्वपूर्ण ग्रंथ और जानकारियां लिखकर सुरक्षित रखी जाती थीं। वहीं ताम्रपत्रों का इस्तेमाल राजकीय आदेशों और ऐतिहासिक विवरणों को दर्ज करने के लिए होता था। 1735 का ताम्रपत्र इसी परंपरा का उदाहरण है।

1000 वर्गमीटर में सजा छत्तीसगढ़ पवेलियन

भारत मंडपम के हॉल नंबर-4 के प्रथम तल पर 1000 वर्गमीटर में छत्तीसगढ़ पवेलियन बनाया गया है। यहां ऐतिहासिक धरोहरों के साथ प्रदेश की पारंपरिक कला, शिल्प और स्थानीय उत्पाद भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। पवेलियन का स्टॉल नंबर 4F-03-A है।

मेले में जूरी सदस्यों ने भी पवेलियन का भ्रमण किया। लोक कलाकारों ने गेंड़ी नृत्य से उनका स्वागत किया। जूरी सदस्यों ने विभिन्न स्टॉलों पर उत्पादों और उनकी विशेषताओं की जानकारी ली। ITPO की ओर से आयोजित यह मेला 13 से 27 नवंबर तक चलेगा।

Related Articles

Back to top button