ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में थमा बारिश का दौर: 5 दिन मौसम रहेगा ड्राई, आज कुछ जगह हल्की बारिश के आसार; राजनांदगांव 33° के साथ सबसे गर्म

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां अब कमजोर पड़ने लगी हैं। प्रदेश में बारिश का दौर थम गया है और अगले 4 से 5 दिनों तक ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि मंगलवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम ड्राई रहा। केवल सरगुजा और बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। अगले दो दिनों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, लेकिन व्यापक बारिश के आसार नहीं हैं।

राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रारोड सबसे ठंडा

सोमवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था। रायपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रायपुर में आज 33 डिग्री तक तापमान

राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश की गतिविधि सीमित रहने के कारण दिन में उमस और गर्मी महसूस हो सकती है।

मानसून की वापसी की रेखा आगे बढ़ी

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा आगे बढ़ रही है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, लेकिन फिलहाल प्रदेश में भारी बारिश की स्थिति नहीं है।

Related Articles

Back to top button