ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री जनमन से बदली तस्वीर, कच्चे घरों से पक्के आशियाने तक पहुंची PVTG परिवारों की जिंदगी

बारिश और तेज हवाओं में कच्चे मकानों में रहता था डर, अब मजबूत छत ने दिया सुरक्षा और सम्मान का भरोसा

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय परिवारों के जीवन में बदलाव की तस्वीर सामने आ रही है। नारायणपुर जिले की ग्राम पंचायत कोहकामेटा के दूरस्थ क्षेत्रों में प्रधानमंत्री जनमन (पीएम-जनमन) आवास योजना के जरिए जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान मिल रहे हैं। इससे वर्षों से कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को मौसम की मार से राहत मिली है।

बारिश में टपकती थी छत, अब मिला सुरक्षित घर

ग्राम कोहकामेटा की मोडडे बाई पति मसीया राम और ग्राम किहकाड़ की गंगाबती पति सुकालू का परिवार लंबे समय से मिट्टी के कच्चे मकानों में रह रहा था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनाना इनके लिए आसान नहीं था। बारिश के दौरान टपकती छत और कमजोर दीवारों के बीच परिवार को हर समय मकान को लेकर चिंता बनी रहती थी।

पीएम-जनमन आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत होने के बाद दोनों परिवारों के घर पक्के मकानों में बदल गए। मोडडे बाई बताती हैं कि बारिश के दिनों में कच्चे घर में रहने के दौरान हमेशा डर बना रहता था। अब मजबूत छत वाला घर तैयार होने से परिवार को सुरक्षा का भरोसा मिला है।

पक्का मकान बना बेहतर भविष्य का आधार

इसी तरह गंगाबती के परिवार के लिए भी पक्का आवास बदलाव का माध्यम बना है। कच्चे घर की जगह अब ढलाई वाली मजबूत छत तैयार है। इससे परिवार को बारिश और तेज हवाओं के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिली है।

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) को बुनियादी सुविधाओं से जोड़कर उनके जीवनस्तर में सुधार लाना है। नारायणपुर में योजना के जरिए पक्के आवास के साथ इन परिवारों में सुरक्षा, स्थायित्व और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी मजबूत हो रही है। दोनों परिवारों ने पक्का घर मिलने पर शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया।

Related Articles

Back to top button