6 लाख छात्रों को AI ट्रेनिंग, 5 हजार स्टार्टअप का लक्ष्य; युवाओं पर सरकार का फोकस

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और सेवा भावना को सही दिशा देकर समाज और राष्ट्र में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। मुख्यमंत्री गुरुवार को राजधानी के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। एनएसएस स्वयंसेवक वर्तमान में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण और नशामुक्ति जैसे अभियानों से लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।
शिक्षा से रोजगार तक बढ़ रहे अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, शासकीय सेवा, रोजगार, स्टार्टअप, खेल और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अवसर बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में करीब 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है, जबकि बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी 430 लैब अटेंडेंट को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।
नई औद्योगिक विकास नीति में स्थानीय युवाओं के रोजगार को प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले डेढ़ वर्ष में प्रदेश को 8.25 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
6 लाख विद्यार्थियों को AI प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करने के लिए मुख्यमंत्री एआई मिशन के तहत 6 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। वहीं वर्ष 2030 तक प्रदेश में 5 हजार स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने युवाओं से केवल नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रदेश में नालंदा परिसरों के निर्माण का भी उल्लेख किया। समारोह में मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले एनएसएस स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।





