बैगा पुजारी से अफसर तक एक पंगत में बैठे, नेवता भोज ने दिया समरसता का संदेश

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आयोजित नेवता भोज में सामाजिक समरसता और सहभागिता की मिसाल देखने को मिली। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में आयोजित सामूहिक भोज में बैगा पुजारी, ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी एक साथ पंक्ति में बैठकर भोजन करते नजर आए। आयोजन ने समानता, अपनत्व और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।
नेवता भोज का आयोजन आयुर्वेद दिवस पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर और कार्यशाला में शामिल लोगों के लिए किया गया था। इसमें समाज के अलग-अलग वर्गों की भागीदारी रही। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, बैगा पुजारियों और ग्रामीणों ने एक साथ भोजन कर आपसी संवाद और सहभागिता की भावना को मजबूत किया। एक ही पंक्ति में बैठकर भोजन करने की पहल ने सामाजिक दूरी कम करने और आपसी आत्मीयता बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत और जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, बैगा पुजारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें किसी तरह के भेदभाव के बिना सभी वर्गों के लोगों ने साथ बैठकर भोजन किया। बैगा पुजारियों और ग्रामीणों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को स्थानीय सामाजिक और सांस्कृतिक संदर्भ से भी जोड़ा। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ उनके सामूहिक भोजन से संवाद और सहभागिता का माहौल बना।
प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत आयोजित नेवता भोज का उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। सेवा संकल्प अभियान के साथ हुए इस आयोजन ने सामाजिक सद्भाव, सहयोग और आपसी विश्वास को मजबूत करने का संदेश दिया।





