कृषि विश्वविद्यालय में 28 से 30 सितंबर तक यूथ इनोवेशन कॉन्क्लेव

रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं में नवाचार, उद्यमिता और तकनीक के व्यावसायीकरण को बढ़ावा देने के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में 28 से 30 सितंबर तक ‘छत्तीसगढ़ यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026’ आयोजित किया जाएगा। कृषि मंडपम में होने वाले तीन दिवसीय आयोजन में प्रदेशभर से एक हजार से अधिक युवा, विद्यार्थी, शोधार्थी, स्टार्टअप संस्थापक और उद्यमी शामिल होंगे।
कॉन्क्लेव का उद्घाटन 28 सितंबर को राज्यपाल रामेन डेका करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और वित्त मंत्री ओपी चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इसी दौरान प्रदेश के प्रथम और एकमात्र बायोटेक्नोलॉजी सेक्टर-केंद्रित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा।
IIT, NIT, IIIT समेत संस्थान होंगे सहयोगी
आयोजन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के साथ IIT भिलाई, NIT रायपुर, IIIT नवा रायपुर, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, छत्तीसगढ़ बायोटेक प्रमोशन सोसायटी और नाबार्ड के संयुक्त तत्वावधान में होगा। कॉन्क्लेव में नवाचार एवं स्टार्टअप प्रदर्शनी, स्टार्टअप पिचिंग, निवेशक-स्टार्टअप संवाद, नीति संवाद और मेंटरशिप सत्र आयोजित किए जाएंगे।
टॉप-3 स्टार्टअप को मिलेगा पुरस्कार
कॉन्क्लेव में कृषि एवं एग्रीटेक, खाद्य प्रसंस्करण, जैव प्रौद्योगिकी, ग्रामीण उद्यमिता, डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण, फिनटेक सहित उभरते क्षेत्रों में नवाचार को प्रोत्साहित किया जाएगा। शीर्ष तीन युवा नेतृत्व वाले स्टार्टअप को क्रमश: 1 लाख, 75 हजार और 50 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।
सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर में शोधार्थियों और नवाचारकर्ताओं को प्रोटोटाइप विकास, तकनीकी मार्गदर्शन, इनक्यूबेशन और मेंटरशिप की सुविधा देने की दिशा में काम किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य राज्य की नवाचार एवं स्टार्टअप संवर्धन नीति 2025-30 के क्रियान्वयन को गति देना है। इच्छुक युवा और स्टार्टअप 25 सितंबर तक पंजीयन करा सकेंगे।





