50 किमी के दायरे में तलाशेंगे STP के पानी के खरीदार, 6 निगमों में 338 MLD प्लांट निर्माणाधीन

रायपुर। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से निकलने वाले उपचारित पानी के दोबारा उपयोग को लेकर छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने पहल तेज कर दी है। विभाग ने निर्माणाधीन एसटीपी वाले नगरीय निकायों को उपचारित पानी के संभावित उपयोगकर्ताओं की पहचान करने और उनकी पानी की जरूरत का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए एसटीपी से 50 किलोमीटर के दायरे में आने वाले थर्मल पावर प्लांट, उद्योग, रेलवे, शासकीय विभाग और अन्य संस्थानों से संपर्क किया जाएगा।
राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) ने दुर्ग, भिलाई, भिलाई-चरौदा, बीरगांव, अंबिकापुर और राजनांदगांव नगर निगम के आयुक्तों को इस संबंध में परिपत्र जारी किया है। सभी निकायों को संभावित उपयोगकर्ताओं की सूची तैयार करने के साथ यह भी पता लगाने को कहा गया है कि संबंधित संस्थानों को प्रतिदिन कितनी मात्रा में उपचारित पानी की आवश्यकता हो सकती है। इसकी जानकारी 15 दिनों में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
6 निगमों में 338 MLD क्षमता के STP
स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 और मिशन अमृत 2.0 के तहत इन छह नगर निगमों में कुल 338 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जा रहे हैं। इनमें बीरगांव में 55 एमएलडी, भिलाई-चरौदा में 13 एमएलडी, भिलाई में 150 एमएलडी, दुर्ग में 47 एमएलडी, अंबिकापुर में 32 एमएलडी और राजनांदगांव में 41 एमएलडी क्षमता के एसटीपी शामिल हैं।
बिजली संयंत्रों और उद्योगों में उपयोग
सूडा के मुताबिक भारत सरकार की टैरिफ पॉलिसी-2016 के तहत एसटीपी से 50 किलोमीटर के दायरे में स्थित थर्मल पावर प्लांटों में उपचारित पानी के पुन: उपयोग का प्रावधान है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने भी उपचारित पानी के पुन: उपयोग को लेकर निर्देश दिए हैं। इसी के तहत राज्य में एसटीपी शुरू होने से पहले ही पानी के संभावित उपयोगकर्ताओं की पहचान की जा रही है, ताकि प्लांट का संचालन शुरू होने के बाद उपचारित पानी का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।





