सेंसेक्स 400 अंक चढ़ा, निफ्टी 23,250 के पार; FMCG-ऑटो शेयरों में खरीदारी

मुंबई। शेयर बाजार में बुधवार यानी 16 सितंबर को शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 400 अंक की बढ़त के साथ 74,400 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी करीब 130 अंक चढ़कर 23,250 के आसपास पहुंच गया है। बाजार में FMCG और ऑटो सेक्टर के शेयरों में ज्यादा खरीदारी नजर आ रही है।
कारोबार के दौरान निवेशकों की नजर वैश्विक बाजारों के रुख और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों पर बनी हुई है। इससे पहले मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 778 अंक गिरकर बंद हुआ था।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार
बुधवार को एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखने को मिल रहा है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 33 अंक यानी 0.84% की बढ़त के साथ 6,683 पर कारोबार कर रहा है। जापान का निक्केई 88 अंक यानी 0.14% नीचे 63,396 पर है। वहीं हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 20 अंक की मामूली गिरावट के साथ 24,647 पर कारोबार कर रहा है।
अमेरिकी बाजार में मंगलवार को गिरावट
मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार में भी गिरावट रही। डाउ जोन्स 328 अंक यानी 0.63% गिरकर 52,093 पर बंद हुआ। नैस्डैक में 205 अंक यानी 0.78% की गिरावट रही और यह 25,982 पर बंद हुआ। S&P 500 भी 34 अंक यानी 0.45% गिरकर 7,586 पर रहा।
7 दिन में FII ने 4,347 करोड़ के शेयर बेचे
विदेशी निवेशकों की बिकवाली का दबाव भी बाजार पर बना हुआ है। पिछले सात दिनों में FII/FPI ने भारतीय बाजार में 4,347 करोड़ रुपए के शेयर बेचे हैं। पिछले 30 दिनों में उनकी शुद्ध बिकवाली 11,512 करोड़ रुपए रही।
इसके मुकाबले घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने पिछले सात दिनों में 5,680 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की है। 30 दिनों में DII की खरीदारी 63,787 करोड़ रुपए रही।





