स्कूल से PG तक सुरक्षा जांच: CM साय ने दिए तत्काल ऑडिट के आदेश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों और नागरिकों की सुरक्षा को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रदेशभर में शैक्षणिक संस्थानों और छात्र आवासों की सुरक्षा जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी केवल हादसे के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि संभावित खतरों की पहले पहचान कर उन्हें दूर करना भी है।
मुख्यमंत्री ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संभागायुक्तों, आईजी, कलेक्टरों, एसपी और वरिष्ठ अधिकारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सभी जिलों में हॉस्टल, पीजी, कोचिंग सेंटर, स्कूल और बड़े शैक्षणिक भवनों का तत्काल निरीक्षण व सेफ्टी ऑडिट कराने को कहा।
उन्होंने पुराने और जर्जर स्कूल, पुस्तकालय, छात्रावास तथा सार्वजनिक भवनों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए। जोखिमपूर्ण भवनों की पहचान कर समय-सीमा तय करते हुए सुधार या जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर और एसपी को इसकी नियमित निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।
अवैध और मिलावटी शराब पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने अवैध और मिलावटी शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। आबकारी विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन को संयुक्त टीम बनाकर संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी करने को कहा।
सीमावर्ती इलाकों में बढ़ेगी निगरानी
दूसरे राज्यों से अवैध शराब की आवक रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और पुलिस-आबकारी विभाग के बीच नियमित सूचना साझा करने के निर्देश दिए गए। मिलावट या अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि निर्देशों के पालन में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।





