ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश का अलर्ट, 11 जिलों में 60 KMPH तक चल सकती है तेज हवा

रायगढ़ से बलरामपुर तक गरज-चमक और आकाशीय बिजली की चेतावनी; कई जिलों में 30-40 KMPH की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार को मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ जिलों में अचानक तेज हवा और आंधी चल सकती है। 11 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इन जिलों में अचानक 40 से 60 KMPH की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

मौसम में बदलाव के दौरान स्थानीय स्तर पर तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में भी तेज हवा-बारिश के आसार

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा समेत कई जिलों में भी बारिश और गरज-चमक की संभावना है। यहां 30 से 40 KMPH की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

खुले में जाने से बचने की सलाह

मौसम विभाग ने आंधी और बिजली चमकने के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। पेड़, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने को कहा गया है। तेज हवा के दौरान उड़ने वाली वस्तुओं से भी सावधानी बरतने की जरूरत है।

किसानों को खुले में रखे कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थान पर रखने और पशुओं को भी सुरक्षित जगह पर रखने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button