ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ BJP में बदलाव की सुगबुगाहट: प्रदेश अध्यक्ष की रेस में 5 नाम, तोखन साहू सबसे आगे!

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में प्रदेश संगठन की कमान को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की अस्वस्थता और दुर्घटना के बाद संगठन में उनकी सक्रियता कम हुई है। ऐसे में पार्टी नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर विचार कर रही है। संभावित दावेदारों में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। हालांकि, भाजपा की ओर से अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

तोखन साहू के साथ अजय चंद्राकर, संतोष पांडेय, बृजमोहन अग्रवाल और शिवरत्न शर्मा के नाम भी पार्टी के भीतर चर्चा में बताए जा रहे हैं। सभी नेताओं के अपने-अपने राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव हैं।

साहू की बढ़ी सक्रियता ने बढ़ाया सस्पेंस

तोखन साहू पिछले कुछ दिनों से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ लगातार महत्वपूर्ण बैठकों में नजर आ रहे हैं। संगठन से जुड़े मामलों में उनकी सक्रिय भागीदारी को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हुई हैं। इसे संभावित नई जिम्मेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

OBC फैक्टर भी अहम

तोखन साहू को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की स्थिति में भाजपा को OBC वर्ग के बीच राजनीतिक संदेश देने का अवसर मिल सकता है। साहू समाज का प्रदेश की राजनीति में प्रभाव है। इसके अलावा बिलासपुर से आने वाले साहू को जिम्मेदारी मिलने से पार्टी को इस संभाग में संगठन मजबूत करने का भी फायदा मिल सकता है।

भाजपा बस्तर और सरगुजा में मजबूत आधार रखती है, जबकि बिलासपुर संभाग में विस्तार की संभावनाएं हैं। ऐसे में क्षेत्रीय संतुलन भी नए अध्यक्ष के चयन में महत्वपूर्ण हो सकता है। फिलहाल पार्टी नेतृत्व सभी संभावित नामों पर मंथन कर रहा है। किसके नाम पर मुहर लगेगी, यह केंद्रीय नेतृत्व के फैसले के बाद ही स्पष्ट होगा।

Related Articles

Back to top button