StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड: 5 दिन बाद दो संदिग्धों का एनकाउंटर, सुमित-मोहित ढेर

हरियाणा। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश की शामली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या में शामिल होने के संदिग्ध दो शूटर सुमित और मोहित सोमवार तड़के मुठभेड़ में मारे गए। एनकाउंटर शामली सदर कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुआ। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, अंकित बालियान की हत्या के बाद आरोपियों की तलाश में SWAT, सर्विलांस टीम और स्थानीय पुलिस को लगाया गया था। जिले में रात से ही नाकेबंदी की गई थी। सोमवार सुबह करीब 4 बजे हिजाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने करनाल की तरफ से बाइक पर आ रहे दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने लगे।

पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मारा

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मन्ना मादरा पुल के पास भी पुलिस टीम पर गोली चलाई। इसके बाद वायरलेस पर अलर्ट जारी किया गया और SWAT समेत कई पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर ली। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने घेराबंदी तोड़ने की कोशिश की और फायरिंग जारी रखी। जवाबी कार्रवाई में दोनों गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हरियाणा से जुड़े थे हत्या के तार

अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस ने हरियाणा के हिसार, रोहतक और करनाल में भी आरोपियों की तलाश की थी। जांच में सामने आया था कि हत्या के बाद शूटर हरियाणा की ओर भागे थे। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के लिए चार बदमाश आए थे और सभी ने अंकित पर फायरिंग की थी।

एनकाउंटर के बाद पुलिस अब मारे गए दोनों संदिग्धों के आपराधिक रिकॉर्ड और हत्याकांड में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही बाकी आरोपियों की तलाश भी जारी है।

Related Articles

Back to top button