पत्नी की हत्या के बाद तमिलनाडु भागा आरोपी: 4 महीने से था फरार, गांव लौटते ही पुलिस ने दबोचा; पत्थर-डंडा बरामद

रायगढ़। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत कापू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में करीब चार महीने से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद आरोपी तमिलनाडु भाग गया था और पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं कर रहा था। गांव लौटने की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा (29) निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा के रूप में हुई है। कापू थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की को आरोपी के गांव लौटने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मारपीट के बाद पत्नी की मौत
मामला जून 2026 का है। ननकी बाई पहाड़ी कोरवा (30) की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच में परिजन और गवाहों के बयान लिए गए। पुलिस के मुताबिक, 3 जून को कार्तिक अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए इंचपारा से गुड़ाआमा की ओर ले जा रहा था।
गाड़ा घुटरा के जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास आरोपी ने कथित तौर पर हाथ-मुक्का, डंडे और पत्थर से महिला पर हमला किया। गंभीर चोटों के बाद उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु हॉमिसाइडल यानी हत्यात्मक प्रकृति की बताई गई। इसके बाद पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
शराब पीने के बाद हुआ विवाद
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि घटना वाले दिन दोनों घोघरा बाजार से लौट रहे थे और शराब का सेवन किया था। रास्ते में घर जाने की बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पत्नी के साथ मारपीट की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने डंडे और पत्थर से हमला करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर ले गई, जहां घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया गया। उसकी निशानदेही पर पत्थर और लकड़ी का डंडा बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





