ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रक्षाबंधन से पहले महिलाओं के खातों में पहुंची महतारी वंदन की 30वीं किस्त, अब तक 19,444 करोड़ से ज्यादा ट्रांसफर

रायपुर। रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार ने महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त का तोहफा दिया है। 7 अगस्त 2026 को जारी किस्त के साथ योजना के तहत अब तक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 19,444 करोड़ 33 लाख रुपए से अधिक की राशि पहुंच चुकी है। योजना के तहत हर महीने 1 हजार रुपए की सहायता सीधे डीबीटी के जरिए खातों में ट्रांसफर की जाती है।

रक्षाबंधन से पहले राशि मिलने से महिलाओं में खासा उत्साह है। कई महिलाएं इस रकम से राखी, मिठाई और भाई के लिए उपहार खरीदने के साथ घरेलू जरूरतें पूरी करने की तैयारी कर रही हैं। महिलाओं का कहना है कि यह राशि सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि अपने छोटे-बड़े फैसले खुद लेने का भरोसा भी देती है।

बचत कर शुरू किया स्वरोजगार

महतारी वंदन की राशि का उपयोग कई महिलाएं स्वरोजगार खड़ा करने में भी कर रही हैं। मुंगेली के ग्राम घुठेरा की अनीता गंधर्व ने किस्तों की राशि बचाकर मनिहारी और सिलाई की दुकान शुरू की। अब वे रोजाना करीब 500 से 1 हजार रुपए तक कमा रही हैं।

जांजगीर-चांपा की शबीना बेगम ने चूड़ी दुकान में नया सामान बढ़ाया, जबकि एमसीबी की गायत्री श्रीवास्तव ने सिलाई-पिको मशीन खरीदी। रायगढ़ की राशी कंवर ने भी योजना की राशि से सिलाई मशीन लेकर आय का साधन तैयार किया।

बच्चों की पढ़ाई और भविष्य में भी उपयोग

महिलाएं योजना की राशि से बच्चों की पढ़ाई, कॉपी-किताब, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें भी पूरी कर रही हैं। कोरबा की शकुंतला कुर्रे बेटी के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में बचत कर रही हैं।

1 मार्च 2024 से शुरू हुई योजना की लगातार 30 किस्तों ने महिलाओं को नियमित आर्थिक सहारा दिया है। सरकार का दावा है कि इससे महिलाओं की घरेलू निर्णयों में भागीदारी, बचत और स्वरोजगार को बढ़ावा मिला है। रक्षाबंधन से पहले आई यह किस्त कई परिवारों के लिए आर्थिक सहारे के साथ पर्व की खुशियों की वजह भी बनी है।

Related Articles

Back to top button