ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नगर पालिका कार्यालय में घुसकर राजस्व निरीक्षक से मारपीट: गाली-गलौज के बाद जान से मारने की धमकी, 4 के खिलाफ केस

गोबरा नवापारा। नगर पालिका गोबरा नवापारा के राजस्व निरीक्षक निखिल चंद्राकर के साथ कार्यालय में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर गोबरा नवापारा पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के दौरान नगर पालिका के अन्य कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे।

बाइक कट मारने को लेकर हुआ था विवाद

राजस्व निरीक्षक ने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह अपनी पत्नी के पैन कार्ड में नाम सुधारवाने के लिए मस्जिद के पास आवेदन देकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सदर रोड नवापारा मोड़ के पास रूपो जगत अपने साथी के साथ बाइक से उनके सामने से कट मारकर निकला।

शिकायत के मुताबिक, बाइक ठीक से चलाने की समझाइश देने पर रूपो जगत ने गाली-गलौज की। इसके बाद आरोपी उसके घर के पास भी पहुंचा और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

अगले दिन कार्यालय में घुसकर हमला करने का आरोप

शिकायत के अनुसार, 21 अगस्त शाम करीब 5 बजे रूपो जगत, लल्ला पटेल, विजय यादव और मोनू कंसारी समेत अन्य लोग नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि सभी राजस्व निरीक्षक के कक्ष में घुस गए और वहां रखे शासकीय दस्तावेज फेंक दिए।

इस दौरान निखिल चंद्राकर से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। हमले में उनके सिर, पीठ, हाथ और पैरों में चोट आने की बात शिकायत में कही गई है। स्टाफ ने बीच-बचाव कर आरोपियों को कार्यालय से बाहर निकाला।

दरवाजा तोड़कर दोबारा घुसने की कोशिश

शिकायत में आरोप है कि कार्यालय से बाहर किए जाने के बाद आरोपियों ने मुख्य दरवाजा तोड़कर दोबारा अंदर घुसने का प्रयास किया। घटना के समय कर्मचारी सेवक साहू, सरस्वती कंवर, सुभाषिनी शर्मा समेत अन्य स्टाफ मौजूद था।

पुलिस ने BNS की धारा 115(2), 221, 296, 3(5), 324(4) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button