ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 5 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती, 1 अप्रैल से शुरू होगा नया शिक्षण सत्र; युक्तियुक्तकरण से 453 स्कूलों में दूर हुई कमी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिक्षा विभाग ने स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और शैक्षणिक सत्र में बदलाव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और विभागीय सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने प्रेस वार्ता में विभाग की ओर से किए जा रहे सुधारों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।

शिक्षा विभाग के मुताबिक प्रदेश में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाकर युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया पूरी की गई है। इसके तहत 453 विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर की गई है। अधिकारियों ने बताया कि स्कूलों के एकीकरण और समायोजन के जरिए उपलब्ध मानव संसाधन का बेहतर इस्तेमाल किया गया। विभाग का कहना है कि इस प्रक्रिया में स्कूलों की संख्या कम करने के बजाय जरूरत के अनुसार उनका समायोजन किया गया है।

5 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि प्रदेश में करीब 5 हजार शिक्षकों की भर्ती चरणबद्ध तरीके से की जा रही है। नियमित पदों पर भर्ती कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से होगी। वहीं संविदा पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी CBT आयोजित की जाएगी। भर्ती में मेरिट को प्रमुख आधार बनाया जाएगा।

पदोन्नति प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर

प्रेस वार्ता में शिक्षक संवर्गों की पदोन्नति प्रक्रिया को भी पारदर्शी तरीके से पूरा किए जाने की जानकारी दी गई। इसके अलावा स्पेशल एजुकेटर के पदों पर भी भर्ती की गई है। विभाग का कहना है कि CBT व्यवस्था लागू करने से संविदा भर्ती में निष्पक्षता और पारदर्शिता बढ़ेगी।

1 अप्रैल से शुरू होगा नया शिक्षण सत्र

शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रदेश के स्कूलों में नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। अब सभी स्कूलों के संचालन के लिए एक समान शैक्षणिक कैलेंडर और समय-सारिणी तैयार की जाएगी। इसके तहत नया शिक्षण सत्र 1 अप्रैल से शुरू होगा। अभी प्रदेश में सामान्य तौर पर नया सत्र 15 जून से शुरू होता है। विभाग के अनुसार नई व्यवस्था से शैक्षणिक गतिविधियों में एकरूपता आएगी और पूरे प्रदेश में स्कूल संचालन अधिक व्यवस्थित हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button