हाईकोर्ट ने 56 नए सिविल जजों को दी पहली पोस्टिंग, 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने न्यायिक सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पीएससी के जरिए चयनित 56 नए सिविल जजों (जूनियर डिवीजन) को पहली पदस्थापना दी है।
इसके साथ ही हायर ज्यूडिशियल सर्विस और लोअर ज्यूडिशियल सर्विस के 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पोस्टिंग के आदेश भी जारी किए गए हैं। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव ने विभिन्न आदेश और अधिसूचनाएं जारी की हैं।
प्रोबेशन पर नियुक्त सभी 56 नए सिविल जजों को 29 अगस्त तक अपनी पदस्थापना वाली जगह पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इन नियुक्तियों से प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों में न्यायिक व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
हायर ज्यूडिशियल सर्विस में भी फेरबदल
हायर ज्यूडिशियल सर्विस के पांच न्यायिक अधिकारियों का तबादला किया गया है। दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय के जज हरीश कुमार अवस्थी को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायपुर बनाया गया है।
ममता पटेल को अंबिकापुर से द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बिलासपुर और ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से न्यायाधीश राजनांदगांव पदस्थ किया गया है। वहीं नमिता मिंज भास्कर को धमतरी और एन सिंह साहू को राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) दंतेवाड़ा भेजा गया है।
रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत रायपुर की विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश बनाया गया है। अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो) की जिम्मेदारी दी गई है।
सीनियर और जूनियर डिवीजन में भी तबादले
सिविल जज सीनियर डिवीजन के सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से सीजेएम एवं प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन मुंगेली नियुक्त किया गया है।
भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव पदस्थ किया गया है। दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जज रवि कुमार कश्यप को प्रतिनियुक्ति पर हाईकोर्ट में ओएसडी बनाया गया है। इसके अलावा सिविल जज जूनियर डिवीजन संवर्ग के सात जजों का भी तबादला किया गया है।



