StateNewsदेश - विदेश

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होगा: PM का फास्ट ट्रैक कोर्ट ऐलान, जंतर-मंतर पर झड़प

दिल्ली। NEET पेपर लीक विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मामलों की तेजी से सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि देश के युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और युवाओं के सपनों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

पीएम के इस बयान के बीच राजधानी दिल्ली में छात्र आंदोलन और तेज हो गया। जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच बुधवार रात करीब 8:30 बजे झड़प हो गई।

पुलिस का दावा है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने पत्थर और कांच की बोतलों से हमला किया, जिसमें एसीपी विवेक भगत घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। करीब 15 मिनट तक चले हंगामे के बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथों में लाठियां भी दिखाई दे रही हैं। हालांकि प्रदर्शनकारी पुलिस पर बल प्रयोग का आरोप लगा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशनों को कुछ घंटों के लिए बंद किया गया था। बाद में हालात सामान्य होने पर सभी स्टेशन खोल दिए गए। वहीं, गृह मंत्रालय ने सुरक्षा के मद्देनजर पश्चिम बंगाल से सीआरपीएफ की 20 अतिरिक्त कंपनियों को दिल्ली बुलाया है।

दिल्ली पुलिस ने रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान पर हमले और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। दूसरी ओर, दिल्ली हाईकोर्ट ने छात्रों से कथित मारपीट के मामले में सुनवाई करते हुए सरकार को घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।

पेपर लीक को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमला बोल रहा है, जबकि सरकार का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कानूनी व्यवस्था और मजबूत की जाएगी।

Related Articles

Back to top button