सुकमा के ‘क्षितिज’ कोचिंग सेंटर का शानदार रिजल्ट: NEET-UG 2026 में 32 विद्यार्थियों ने क्वालिफाई किया, 13 के MBBS में प्रवेश की संभावना

रायपुर। सुकमा जिले के दूरस्थ और आदिवासी अंचलों के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जिला प्रशासन द्वारा संचालित निःशुल्क ‘क्षितिज’ JEE-NEET कोचिंग सेंटर के 32 विद्यार्थियों ने परीक्षा की क्वालिफाइंग कटऑफ पार कर जिले का नाम रोशन किया है। इनमें से 13 विद्यार्थियों के शासकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस में प्रवेश मिलने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
जिला प्रशासन के अनुसार, आर्थिक और संसाधनों की कमी के बावजूद ग्रामीण और आदिवासी परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों को ‘क्षितिज’ कोचिंग सेंटर में विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा निःशुल्क कोचिंग, अध्ययन सामग्री, नियमित मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की रणनीतिक तैयारी कराई गई। इसी का परिणाम है कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक NEET-UG में सफलता हासिल की।
वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सुकमा के युवाओं की मेहनत और जिला प्रशासन के शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।
कलेक्टर अमित कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर और जिला शिक्षा अधिकारी जी.आर. मंडावी के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल में प्रशिक्षण प्रदाता संस्था कैंप एकेडमी के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को विषयवार तैयारी और परीक्षा रणनीति में सहयोग दिया।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस सफलता से जिले के अन्य विद्यार्थियों में भी मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति आत्मविश्वास बढ़ेगा। ‘क्षितिज’ कोचिंग सेंटर की यह उपलब्धि सुकमा में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलाव का उदाहरण बनकर उभरी है, जहां अब दूरस्थ गांवों के युवा भी डॉक्टर बनने के अपने सपने को साकार करने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं।





