नकटी के प्रभावित परिवारों को मिला पक्का आवास: नया रायपुर में 65 परिवारों का होगा पुनर्वास

रायपुर। नया रायपुर के ग्राम नकटी में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया तेज कर दी है।
सरकार का कहना है कि किसी भी परिवार को बेघर नहीं छोड़ा जाएगा। इसी के तहत 65 पात्र परिवारों को नया रायपुर अटल नगर के सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) आवासों में बसाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सरकार के अनुसार, प्रभावित परिवारों को केवल पक्का मकान ही नहीं, बल्कि बिजली, पेयजल, पक्की सड़क, सीवर नेटवर्क, सामुदायिक भवन, उद्यान, वॉकिंग ट्रैक और अन्य शहरी सुविधाओं से युक्त आवासीय परिसर उपलब्ध कराया जा रहा है। 29 जून को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित रिक्त ईडब्ल्यूएस आवासों का अस्थायी आवंटन भी कर दिया गया है।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के मुताबिक, नकटी की करीब 38 एकड़ शासकीय भूमि में से लगभग 12 एकड़ भूमि विशेष योजना के लिए उपयोग होगी, जबकि शेष 26 एकड़ में स्ववित्तीय सामान्य आवास योजना विकसित की जाएगी। जिला प्रशासन ने पुनर्वास के लिए 65 पात्र परिवारों की सूची मंडल को उपलब्ध कराई है।
पुनर्वास प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए मुख्यालय के अपर आयुक्त की अध्यक्षता में आठ सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति यह सुनिश्चित करेगी कि प्रत्येक पात्र परिवार को निर्धारित आवास मिले और पूरी प्रक्रिया बिना किसी अव्यवस्था के पूरी हो।
सेक्टर-30 में कुल 1376 ईडब्ल्यूएस (जी+3) आवास बने हैं, जिनमें चौथी मंजिल पर स्थित 109 रिक्त मकानों को पुनर्वास के लिए चिन्हित किया गया है।
प्रत्येक आवास का क्षेत्रफल 31.45 वर्गमीटर (338.40 वर्गफुट) है। गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल का कहना है कि सरकार का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों का सम्मानजनक और स्थायी पुनर्वास सुनिश्चित करना है।





