अगले 10 घंटे में मौसम का कहर: कई राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट, 70 किमी/घंटा तक चलेंगी हवाएं

दिल्ली। मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में अगले 10 घंटों के लिए गंभीर मौसम अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, आंधी-तूफान, तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं कई राज्यों में देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने और विभिन्न मौसमी सिस्टमों के टकराव के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। पंजाब से लेकर बिहार तक बनी मौसमी द्रोणिका, पूर्वी विदर्भ से दक्षिण भारत तक सक्रिय सिस्टम और लगातार आ रही नमी मौसम को अस्थिर बना रही है।
दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन से चार दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। वहीं राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, भरतपुर और अजमेर संभाग में तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में बारिश की संभावना है, जबकि कई पूर्वी जिलों में गर्मी का असर बना रह सकता है।
बिहार में 23 जून से मानसून सक्रिय होने के संकेत हैं। फिलहाल कई जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी है, लेकिन आने वाले दिनों में तेज हवाओं और बारिश से मौसम बदलने की संभावना है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और रायपुर समेत कई इलाकों में वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
पूर्वोत्तर भारत में अगले सप्ताह तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कई राज्यों में खेतों और जनजीवन पर इसका सीधा असर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।





