ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेशभर में होगा सामूहिक योगाभ्यास: ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर विशेष आयोजन

21 जून को जिला मुख्यालय से ग्राम पंचायत तक कार्यक्रम, रायपुर में राज्यपाल और सरगुजा में मुख्यमंत्री करेंगे नेतृत्व

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर 21 जून को छत्तीसगढ़ में व्यापक स्तर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है। राज्य शासन ने जिला मुख्यालयों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रमों में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार राजधानी रायपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे। वहीं सरगुजा जिले में सुबह 7 बजे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे।

प्रदेश के अन्य जिलों में भी जनप्रतिनिधियों को मुख्य अतिथि की जिम्मेदारी सौंपी गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बिलासपुर, उपमुख्यमंत्री अरुण साव दुर्ग और विजय शर्मा कबीरधाम में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव में योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे।

इसी तरह विभिन्न जिलों में मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को मुख्य अतिथि बनाया गया है। महासमुंद में दयाल दास बघेल, कांकेर में लखनलाल देवांगन, जांजगीर-चांपा में ओ.पी. चौधरी, जशपुर में राजेश अग्रवाल और कोरबा में गुरु खुशवंत साहेब योग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं बलौदाबाजार में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में विजय बघेल तथा सूरजपुर में चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि रहेंगे।

राज्य सरकार का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना है। जिला प्रशासन की देखरेख में सभी जिलों में आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। योग दिवस पर बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी, अधिकारी-कर्मचारी और सामाजिक संगठन सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेंगे।

Related Articles

Back to top button