छत्तीसगढ़ChhattisgarhStateNews

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ महतारी और शहीद खोण्डे की प्रतिमा का किया अनावरण

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मंगलवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा प्रवास के दौरान शहर को सांस्कृतिक और ऐतिहासिक सौगात दी।

उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी और देश के वीर सपूत शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण किया।

इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने शहीद खोण्डे को नमन करते हुए कहा कि उनका सर्वोच्च बलिदान देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा।

उन्होंने कहा कि शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों और युवाओं को राष्ट्रसेवा, साहस और समर्पण की भावना के लिए प्रेरित करती रहेगी।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने शहीद खोण्डे के परिजनों पुत्री प्रिया खोण्डे और भाई प्रभाकर खोण्डे से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

प्रवास के दौरान डॉ. रमन सिंह सबसे पहले छत्तीसगढ़ महतारी चौक पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

इसके बाद वे शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे परिसर पहुंचे और वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में देश के लिए बलिदान देने वाले वीर जवान की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि शहीदों का योगदान देश के इतिहास में सदैव अमर रहेगा।

समारोह में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा और डॉ. सनम जांगड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर कुलदीप शर्मा और पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button