देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में दो आरोपी गिरफ्तार, पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में होने का दावा

भोपाल। मध्य प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) ने देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
एटीएस की कार्रवाई में भोपाल के काजीकैंप निवासी मोहम्मद फराज और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद निवासी नईम अब्दुल्ला को पकड़ा गया है। जांच एजेंसी के अनुसार दोनों आरोपी पिछले करीब छह वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे और कथित तौर पर पाकिस्तानी हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहे थे।
भोपाल से गिरफ्तार मोहम्मद फराज को कोर्ट में पेश कर 16 जून तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एटीएस उससे पूछताछ कर नेटवर्क, संपर्कों और संभावित गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
जांच में सामने आया है कि फराज टेलीग्राम और वाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश-विदेश के कुछ संदिग्ध लोगों के संपर्क में था। उसके मोबाइल से पाकिस्तान से भेजे गए आपत्तिजनक दस्तावेज मिलने की बात भी सामने आई है।
एटीएस के मुताबिक, फराज युवाओं का नेटवर्क तैयार करने की कोशिश कर रहा था। जांच एजेंसी को आशंका है कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल देश विरोधी गतिविधियों के लिए किया जा सकता था।
वहीं, उत्तर प्रदेश एटीएस और एसटीएफ की मदद से देवबंद निवासी नईम अब्दुल्ला को भी गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि नईम कथित पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था और उसी के माध्यम से फराज की पहचान कराई गई थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, धार्मिक साहित्य और अन्य डिजिटल सामग्री बरामद की गई है। एटीएस अब सोशल मीडिया अकाउंट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और डिजिटल दस्तावेजों की जांच कर रही है।
पूछताछ में फराज के विदेश जाकर प्रशिक्षण लेने की तैयारी की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों को संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े वीडियो और सामग्री भेजी जाती थी।
हालांकि मामले में अभी जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। एटीएस देश-विदेश में फैले संपर्कों और संभावित फंडिंग की जानकारी जुटाने में लगी है।



