ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पोल्ट्री फार्म पर तेंदुए का हमला, 10 मुर्गियों का शिकार, CCTV में कैद घटना से दहशत

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक बार फिर तेंदुए की दहशत देखने को मिली है। केरेगांव रेंज के अंतर्गत ग्राम मोहलाई स्थित एक निजी पोल्ट्री फार्म में तेंदुआ घुस गया और उसने 10 मुर्गियों का शिकार कर लिया। पूरी घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेंदुआ जाली तोड़कर फार्म के अंदर घुसता और मुंह में मुर्गियों को दबाकर ले जाता दिखाई दे रहा है।

घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है, जब तेंदुआ अचानक पोल्ट्री फार्म में घुसा। उसके प्रवेश करते ही वहां मौजूद मुर्गियां घबराकर इधर-उधर भागने लगीं और फड़फड़ाने लगीं। कुछ ही मिनटों में तेंदुए ने तेजी से हमला कर 10 मुर्गियों का शिकार कर लिया और जंगल की ओर चला गया।

बताया जा रहा है कि यह पोल्ट्री फार्म रिहायशी इलाके से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है और जंगल से सटा हुआ है। इसी कारण आसपास के क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही पहले से ही बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां पहले भी लकड़बग्घा, हिरण और चीतल जैसे जानवर देखे जाते रहे हैं, लेकिन अब तेंदुए की लगातार मौजूदगी से दहशत और बढ़ गई है। यह तीसरी बार है जब तेंदुआ इस इलाके के आसपास के पोल्ट्री फार्म में दिखाई दिया है।

घटना के बाद गांव में भय का माहौल है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। धमतरी वन मंडल के डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार निगरानी और गश्त कर रही है। साथ ही नुकसान का आकलन कर क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं पोल्ट्री फार्म संचालक ने बताया कि पिछले 10 दिनों में लगभग 500 मुर्गियों की मौत हो चुकी है, जिससे बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Back to top button