‘मैंने नाना पाटेकर को सच में थप्पड़ जड़ दिया था’: मधु शाह ने सुनाया फिल्म यशवंत की शूटिंग का दिलचस्प किस्सा

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री मधु शाह ने हाल ही में अपनी चर्चित फिल्म यशवंत की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म के एक भावनात्मक दृश्य की शूटिंग के दौरान अभिनेता नाना पाटेकर ने उन्हें वास्तव में थप्पड़ मार दिया था। इसके जवाब में उन्होंने भी नाना को रियल लाइफ में थप्पड़ जड़ दिया था। हालांकि बाद में यह सीन फिल्म के सबसे प्रभावशाली दृश्यों में से एक साबित हुआ।
एक इंटरव्यू में मधु शाह ने बताया कि फिल्म के एक महत्वपूर्ण सीन में उन्हें रोना था। वह इस दृश्य के लिए ग्लिसरीन का इस्तेमाल करना चाहती थीं, लेकिन नाना पाटेकर इसके खिलाफ थे। नाना का मानना था कि कलाकारों को अपने किरदार की भावनाओं को महसूस करते हुए स्वाभाविक अभिनय करना चाहिए, ताकि दृश्य अधिक वास्तविक लगे।
मधु ने कहा कि रिहर्सल के दौरान सब कुछ सामान्य था, लेकिन जब कैमरा चला तो नाना पाटेकर ने अचानक उन्हें सचमुच थप्पड़ मार दिया। इस अप्रत्याशित घटना से उनकी आंखों में वास्तविक आंसू आ गए। अभिनेत्री ने बताया कि वह उस समय काफी गुस्से में आ गई थीं और बिना सोचे-समझे उन्होंने भी नाना को असली थप्पड़ मार दिया।
मधु के अनुसार, यह फिल्म का बेहद महत्वपूर्ण सीन था। निर्देशक अनिल मट्टू ने इसकी शूटिंग के लिए पूरा दिन निर्धारित किया था, लेकिन कलाकारों की स्वाभाविक प्रतिक्रिया के कारण दृश्य बेहद प्रभावी बन गया और आधे दिन में ही शूट पूरा हो गया।
हालांकि इस घटना के बावजूद मधु ने नाना पाटेकर की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कभी उनका अनादर नहीं किया। वह अभिनय को लेकर बेहद गंभीर और अनुशासित थे। उनके साथ काम करते हुए उन्होंने मेथड एक्टिंग और किरदार को गहराई से जीने की कई बातें सीखीं।
मधु शाह जल्द ही फिल्म ‘गवर्नर’ में नजर आएंगी, जो 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अभिनेत्री इससे पहले फूल और कांटे, रोजा, योद्धा और जेंटलमैन जैसी सफल फिल्मों में अपने अभिनय का दम दिखा चुकी हैं।





