06 जून से 09 जून तक होगी राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025, प्रवेश पत्र जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा की समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
आयोग के अनुसार यह परीक्षा 06 जून से 09 जून 2026 तक राज्य के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी, जिसमें पहली पाली प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित की गई है।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 06 जून को भाषा एवं निबंध की परीक्षा होगी। 07 जून को सामान्य अध्ययन-I एवं सामान्य अध्ययन-II की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
इसी प्रकार 08 जून को सामान्य अध्ययन-III एवं सामान्य अध्ययन-IV की परीक्षा होगी, जबकि 09 जून को सामान्य अध्ययन-V की परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
यह परीक्षा राज्य के विभिन्न प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिनमें सरगुजा (अंबिकापुर), बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर (जगदलपुर) एवं रायपुर शामिल हैं। आयोग ने सभी जिलों में परीक्षा व्यवस्था को सुचारु एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दौरान जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और समय पर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हों। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र पहले ही 25 मई 2026 को जारी कर दिए गए हैं।
अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट CGPSC Official Website से डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को व्यक्तिगत रूप से प्रवेश पत्र भेजा नहीं जाएगा और न ही किसी प्रकार का एसएमएस या अलग सूचना प्रदान की जाएगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय की भीड़ और तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए पहले ही प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और परीक्षा संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें। परीक्षा को लेकर राज्यभर में अभ्यर्थियों के बीच उत्साह और गंभीरता का माहौल देखा जा रहा है।





