ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अबूझमाड़ के गारपा में बच्चों और महिलाओं से किया संवाद

नारायणपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को अपने अबूझमाड़ प्रवास के दौरान ओरछा विकासखंड के ग्राम गारपा पहुंचकर ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों से आत्मीय संवाद किया। सुशासन तिहार के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गांव में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और हितग्राहियों से सीधे चर्चा कर योजनाओं के प्रभाव का फीडबैक प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से पढ़ाई, स्कूल और उनके भविष्य के सपनों के बारे में बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पूछा कि वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं। इस पर दो बच्चों ने डॉक्टर बनने की इच्छा जताई। बच्चों की लगन और आत्मविश्वास से प्रभावित मुख्यमंत्री ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बच्चों को लक्ष्य तय कर मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ जैसे सुदूर क्षेत्रों के बच्चे भी बड़े सपने देख रहे हैं और उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास रखते हैं। यह शिक्षा और विकास की बढ़ती पहुंच का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने अधिकारियों को शिक्षा संबंधी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से भी चर्चा की। महिलाओं ने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वे बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, घरेलू जरूरतों और बचत के लिए कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने भी शासन की विभिन्न योजनाओं से मिल रहे लाभ और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार अबूझमाड़ सहित प्रदेश के सभी दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार के अवसरों का विस्तार करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

Related Articles

Back to top button