RCB लगातार दूसरी बार IPL चैंपियन, गुजरात को 5 विकेट से हराया; विराट कोहली बने जीत के हीरो

अहमदाबाद। आरसीबी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
टीम की जीत के नायक रहे विराट कोहली, जिन्होंने शानदार नाबाद 75 रन बनाए और विजयी छक्का लगाकर मैच खत्म किया। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बेंगलुरु ने गुजरात को 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन के स्कोर पर रोक दिया।
गुजरात की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने 37 गेंदों में नाबाद 50 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। हालांकि टीम के अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। कप्तान शुभमन गिल 10, साई सुदर्शन 12 और जोस बटलर 19 रन बनाकर आउट हो गए।
बेंगलुरु की ओर से युवा तेज गेंदबाज रशिक सलाम शानदार गेंदबाजी करते हुए 27 रन देकर 3 विकेट झटके। भुवनेश्वर कुमार और जोश हैजलवुड ने दो-दो विकेट हासिल किए।
156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बेंगलुरु को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। वेंकटेश ने 32 रन बनाए, जबकि बाद में टिम डेविड ने 24 रन की उपयोगी पारी खेली। दूसरी ओर विराट कोहली एक छोर पर टिके रहे और 42 गेंदों में 75 रन बनाकर नाबाद लौटे।
18वें ओवर की आखिरी गेंद पर कोहली ने शानदार छक्का जड़कर टीम को जीत दिलाई। इस जीत के साथ बेंगलुरु लगातार दो IPL खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बन गई। इससे पहले चेन्नई सुपरकिंग और मुंबई इंडियंस यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। साथ ही युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को 776 रन बनाकर इस सीजन की ऑरेंज कैप मिली।



