ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बेमेतरा को 105 करोड़ की सौगात: मुख्यमंत्री साय ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

बेमेतरा/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को अपने एक दिवसीय बेमेतरा प्रवास के दौरान जिले को 105 करोड़ 4 लाख 69 हजार रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी।

तेज अंधड़, बारिश और तूफान के बावजूद कार्यक्रम नहीं रुका और जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समारोह के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, जनता के विकास और जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता अटल है।

उन्होंने कहा कि विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के जीवन में सुविधा, विश्वास और अवसर बढ़ाने का माध्यम है। सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने 78 करोड़ 1 लाख 33 हजार रुपए की लागत से बनने वाले 13 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें प्रमुख सड़क निर्माण एवं मजबूतीकरण कार्य, मिशन वात्सल्य के तहत बाल संप्रेषण गृह, नगर सेना प्रशासकीय भवन, सीसी रोड, नाली और अन्य सामुदायिक अधोसंरचना परियोजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा 27 करोड़ 3 लाख 36 हजार रुपए की लागत से पूर्ण हुए 5 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इनमें हमर क्लिनिक, बोर खनन और विभिन्न सड़क परियोजनाएं प्रमुख हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। वहीं सड़कें विकास की जीवनरेखा हैं, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा करती हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत निर्माण कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेमेतरा में शुरू हुई ये परियोजनाएं विकसित बेमेतरा और विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में मजबूत आधार साबित होंगी।

Related Articles

Back to top button