ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

हिमाचल हादसे में छत्तीसगढ़ के 4 लोगों की मौत: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, परिवार में पसरा मातम

भिलाई/चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी एक परिवार के चार लोगों समेत कुल 8 पर्यटकों की मौत हो गई।

सभी लोग बेंगलुरु से हिमाचल घूमने गए थे और साच पास में बर्फबारी का आनंद लेने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

जानकारी के मुताबिक, हादसा चंबा जिले के बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर कालावन क्षेत्र के पास शुक्रवार देर रात हुआ। पर्यटक डलहौजी से टैक्सी बुक कर साच पास की ओर रवाना हुए थे। रास्ते में अर्टिगा कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार किसी भी व्यक्ति को बचने का मौका नहीं मिला।

हादसे का खुलासा तब हुआ जब देर रात तक टैक्सी वापस नहीं लौटी। वाहन मालिक ने जीपीएस लोकेशन चेक की, जो काफी देर तक एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दी। इसके बाद स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू हुई और शनिवार को वाहन के खाई में गिरने की जानकारी सामने आई।

दुर्घटनास्थल दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। खड़ी पहाड़ियों, गहरी खाई और खराब मौसम के चलते शनिवार को शवों को बाहर नहीं निकाला जा सका।

रविवार सुबह पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। रस्सियों और ह्यूमन चेन की मदद से सभी 8 शवों को कई घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में भिलाई निवासी अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी पिंकी चंद्राकर और परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं, जो लंबे समय से बेंगलुरु में रहकर नौकरी कर रहे थे।

हिमाचल पुलिस ने घटना की सूचना दुर्ग पुलिस को भी दे दी है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। वहीं पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सड़क पर फिसलन, चालक को झपकी आने या तकनीकी खराबी जैसे पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button