बीजेपी ने चार राज्यों में बदले प्रदेश अध्यक्ष, दिल्ली की कमान हर्ष मल्होत्रा को

दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़े बदलाव करते हुए दिल्ली समेत चार राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। पार्टी ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में नेतृत्व परिवर्तन कर संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है।
दिल्ली बीजेपी की कमान अब हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई है। हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं और केंद्र सरकार में सड़क परिवहन मंत्रालय में राज्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे वीरेंद्र सचदेवा की जगह लेंगे। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके अनुभव से दिल्ली संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
वहीं पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने बड़ा दांव खेला है। पार्टी ने सुनील जाखर की जगह केवल सिंग ढिल्लन को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे में संगठनात्मक बदलाव को चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
इसके अलावा हरियाणा और त्रिपुरा में भी पार्टी ने नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की है। बीजेपी लगातार राज्यों में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए नेतृत्व में बदलाव कर रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी नए चेहरों के जरिए कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने और स्थानीय स्तर पर संगठन को अधिक सक्रिय बनाने की कोशिश कर रही है। आने वाले समय में बीजेपी संगठन में और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं।



