कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष को लेकर बयानबाजी तेज: बैज बोले- टीएस बाबा दिल्ली में करें काम, सिंहदेव ने किया पलटवार

रायपुर। रायपुर में कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। PCC चीफ दीपक बैज ने पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव को लेकर कहा कि बाबा साहेब बड़े नेता हैं और उन्हें दिल्ली जाकर राष्ट्रीय स्तर पर काम करना चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रदेश में युवाओं को मौका देने की बात भी कही।
दरअसल, हाल ही में एक इंटरव्यू में टीएस सिंहदेव ने कहा था कि यदि पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वे उसे निभाने के लिए तैयार हैं। इसी सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि सिंहदेव कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य रह चुके हैं और कई राज्यों के प्रभारी की भूमिका निभा चुके हैं। ऐसे में उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
बैज के बयान पर टीएस सिंहदेव ने भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि बैज किस सोच के साथ यह बात कह रहे हैं। सिंहदेव ने कहा कि वे आज भी खुद को युवाओं जैसी ऊर्जा से भरा हुआ महसूस करते हैं और छत्तीसगढ़ में ही रहकर काम करना चाहते हैं।
सिंहदेव ने कहा कि हर कांग्रेसी की पहली जिम्मेदारी अपने संगठन और क्षेत्र को मजबूत करना है। उन्होंने यह भी कहा कि वे खुद चुनाव हारे हैं, लेकिन दीपक बैज भी चुनाव हार चुके हैं। कांग्रेस अपने जिले की सीटें और लोकसभा चुनाव भी नहीं बचा पाई।
वहीं बीजेपी ने इस बयानबाजी को कांग्रेस की अंदरूनी कलह बताया है। मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस में अंतर्कलह समय-समय पर सामने आती रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में नेताओं के बीच तालमेल नहीं है और पार्टी “यूज एंड थ्रो” की राजनीति करती है।



