अमरावती-वर्धा देश में सबसे गर्म, जानवरों को बचाने AC-कूलर का सहारा

दिल्ली। देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी का कहर जारी है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत 8 राज्य हीटवेव की चपेट में हैं। दिन के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। शनिवार को अमरावती और वर्धा देश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश के बांदा, मध्य प्रदेश के नौगांव और खंडवा में भी तापमान 44 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। मौसम विभाग ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में अगले दो दिन तक लू चलने और रात के तापमान में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
गर्मी से इंसानों के साथ जानवर भी परेशान हैं। गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास बनी जंगल सफारी में जानवरों और पक्षियों को राहत देने के लिए AC, कूलर और स्प्रिंकलर लगाए गए हैं। वहीं वडोदरा के सायाजीबाग जूलॉजिकल पार्क में जानवरों के बाड़ों में बर्फ के टुकड़े रखे जा रहे हैं और लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है।
इधर राजस्थान में 8 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में 15 शहरों का तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया। उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में लू की चेतावनी दी गई है, जबकि बांदा लगातार सबसे गर्म शहर बना हुआ है।
दूसरी ओर छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले तीन दिनों तक आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, ज्यादा पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।





