ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सुशासन तिहार में कोसला धाम पहुंचे CM साय: माता कौशल्या मंदिर में की पूजा, प्रदेश की खुशहाली की कामना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को सुशासन तिहार के तहत अचानक जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम कोसला पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध माता कौशल्या मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और छत्तीसगढ़ की खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री के कोसला धाम पहुंचने की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर और आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु जुट गए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मंदिर सेवा समिति और ग्रामीणों ने पारंपरिक लोकनृत्य और गर्मजोशी से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ. पी. चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा कर माता कौशल्या का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का अवलोकन किया और श्रद्धालुओं से आत्मीय बातचीत की। अचानक हुए इस दौरे से पूरे इलाके में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मंदिर सेवा समिति की ओर से मुख्यमंत्री को माता कौशल्या मंदिर का आकर्षक छायाचित्र स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया। समिति के सदस्यों ने केंद्र सरकार की प्रसाद योजना में कोसला धाम को शामिल करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री लगातार अलग-अलग जिलों का दौरा कर रहे हैं और आम लोगों से सीधा संवाद कर योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस अचानक दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा बनी रही।

Related Articles

Back to top button