जल्दी आएगा मानसून, लेकिन सुपर अल नीनो से सूखे का खतरा

दिल्ली। देश में मानसून इस बार तय समय से पहले दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई तक केरल पहुंच सकता है, जो सामान्य तारीख से करीब चार दिन पहले है। हालांकि राहत की इस खबर के बीच अमेरिकी मौसम एजेंसी ‘नोआ’ ने सुपर अल नीनो की आशंका जताई है। इससे भारत में कमजोर मानसून, सूखा और भीषण गर्मी का खतरा बढ़ गया है।
अल नीनो प्रशांत महासागर के पानी के असामान्य रूप से गर्म होने की स्थिति है। इसके असर से मानसूनी हवाओं का पैटर्न बदल जाता है और भारत समेत दक्षिण एशिया में बारिश कम हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इस बार मानसून जल्दी आने के बावजूद बारिश सामान्य से कम रहने की आशंका बनी हुई है।
देश के कई राज्यों में फिलहाल भीषण गर्मी का असर दिखाई दे रहा है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, झारखंड और विदर्भ में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंचने से सड़कों का डामर तक पिघल गया।
राजस्थान के फलौदी में शुक्रवार को 44.8 डिग्री और महाराष्ट्र के अमरावती में 45.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग ने लू और गर्म रातों की चेतावनी दी है।
दूसरी ओर बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले दो दिनों तक आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।



