ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कुनकुरी को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात: 16 करोड़ से अधिक के 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को जशपुर प्रवास के दौरान कुनकुरी क्षेत्र को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी।

विकासखंड कुनकुरी के ग्राम पंचायत कलिबा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 16 करोड़ 5 लाख 91 हजार रुपए की लागत वाले 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनमें उच्च स्तरीय पुल, आधुनिक हाट बाजार, फल-सब्जी मंडी, स्कूल भवन और महतारी सदन जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब और किसानों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, स्कूल और बाजार जैसी आधारभूत सुविधाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का माध्यम हैं।

कार्यक्रम में 12 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से 8 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कृषि विपणन बोर्ड के जरिए ग्राम पंचायत कलिबा और बेहराखार में आधुनिक हाट बाजार बनाए जाएंगे। यहां कवर्ड शेड, सीसी रोड और बोरवेल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे किसानों और व्यापारियों को बेहतर बाजार व्यवस्था मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग द्वारा कलिबा-टांगरबहार मार्ग और बांसपतरा-दुलदुला मार्ग पर दो उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण भी किया जाएगा। इन पुलों के बनने से बरसात के दौरान ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी।

इसके अलावा कोरवाडेरा, डडगांव, नारायणपुर और लालगोड़ा में नए स्कूल भवनों का भूमिपूजन किया गया। वहीं 3 करोड़ 19 लाख रुपए की लागत से पूर्ण हुए 4 विकास कार्यों का लोकार्पण भी हुआ। इनमें उपमंडी कुनकुरी में निर्मित फल-सब्जी मंडी, गोदाम, प्लेटफार्म, पार्किंग और सीसी रोड शामिल हैं।

ढोढ़ीबहार, नारायणपुर और केराड़ीह में बने महतारी सदनों का भी लोकार्पण किया गया। इन केंद्रों में महिलाओं को प्रशिक्षण, बैठक और स्व-सहायता समूह गतिविधियों के लिए सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय समेत जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button