ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

ASI और ADM दफ्तर का बाबू रिश्वत लेते गिरफ्तार: ACB की डबल ट्रैप कार्रवाई, दोनों पहले ले चुके थे पहली किश्त

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। एक कार्रवाई बिलासपुर में ADM कार्यालय के बाबू पर हुई, जबकि दूसरी सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ ASI पर की गई। दोनों आरोपी पहले ही रिश्वत की पहली किश्त ले चुके थे।

पहले मामले में बिलासपुर कलेक्ट्रेट के अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM) एवं न्याय निर्णयन अधिकारी कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 विजय पांडेय को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ा गया। जानकारी के मुताबिक कोटा निवासी होटल संचालक देवेंद्र कश्यप के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई चल रही थी। आरोपी बाबू ने जुर्माना राशि कम कराने के एवज में 20 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी।

शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत ACB से की। जांच में पता चला कि आरोपी पहले ही 5 हजार रुपए ले चुका था और बाकी 15 हजार रुपए की मांग कर रहा था। रविवार को आरोपी ने शिकायतकर्ता को ADM कार्यालय बुलाया। जैसे ही उसने रकम ली, ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

वहीं दूसरी कार्रवाई सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में हुई। यहां पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने शिकायत की थी कि मारपीट केस में कार्रवाई से बचाने के बदले ASI ने 40 हजार रुपए मांगे थे।

जांच में सामने आया कि आरोपी पहले ही 20 हजार रुपए ले चुका था। दूसरी किश्त लेने के लिए आरोपी चंद्रपुर के गुड्डू ढाबा पहुंचा था, जहां ACB टीम ने उसे ट्रैप कर गिरफ्तार कर लिया।

ACB अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो ने लोगों से रिश्वत मांगने की शिकायत तुरंत करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button