ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 2 दिन और बदलेगा मौसम, फिर बढ़ेगी गर्मी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अभी पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है। राजस्थान से झारखंड तक बनी ट्रफ लाइन के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है।

शनिवार शाम रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और अंबिकापुर समेत कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। रायपुर में शाम के वक्त काले बादल छा गए और कई इलाकों में अंधेरा जैसा माहौल बन गया। वहीं भिलाई में आंधी-तूफान के बाद हल्की बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रायपुर समेत मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में रविवार शाम भी मौसम बदलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।

हालांकि 11 मई के बाद मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आंधी-तूफान की गतिविधियां कम होने लगेंगी और तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हो सकता है। इससे लोगों को फिर से गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो प्रदेश में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जगदलपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button